भिवाड़ी (Best E News)। औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी स्थित बीडीआई सनशाइन सिटी (BDI Sunshine City Bhiwadi) सोसाइटी के सैफायर टावर में लिफ्ट 9वीं मंजिल से अचानक नीचे गिर गई। हादसे के दौरान महिलाएं और बच्चे करीब 40 मिनट तक फंसे रहे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सोसाइटी में लिफ्ट खराब होने और लोगों के फंसने की लगातार बढ़ती घटनाओं से निवासियों में बिल्डर और मेंटेनेंस टीम के खिलाफ रोष है।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और निवासियों के अनुसार, सोसाइटी में लिफ्ट गिरने या बीच में फंसने की घटनाएं नई नहीं हैं। पिछले एक साल में लिफ्ट से जुड़े पांच से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले 2 अक्टूबर 2025 और 19 मार्च 2026 को भी लिफ्ट अचानक नीचे गिरने की घटनाएं हुई थीं। एक अन्य मामले में टावर की पांचवीं मंजिल पर लिफ्ट बंद होने से 8 से 10 लोग, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे, काफी देर तक फंसे रहे थे। हाल ही में एक टावर में कार्गो लिफ्ट का दरवाजा सातवीं मंजिल से नीचे गिरने की घटना भी सामने आई थी।
निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें देने और हादसों के बावजूद बिल्डर तथा मेंटेनेंस टीम की ओर से कोई ठोस सुधार नहीं किया जा रहा है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मौके पर लिफ्ट ऑपरेटर या तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध नहीं रहते। इस कारण सोसाइटी में रहने वाले परिवारों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी-बीकानेर पैसेंजर 17 अक्टूबर तक रद्द, कई ट्रेनें डायवर्ट !
आरडब्ल्यूए और सोसाइटी के निवासियों की ओर से लिफ्टों के खराब रखरखाव तथा सोसाइटी का विधिवत हैंडओवर कराने की मांग को लेकर बीडीए (BIDA) के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। निवासियों ने मांग की है कि सभी लिफ्टों की तकनीकी जांच कराकर उनकी खामियां दूर की जाएं और लापरवाही के लिए जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ये भी पढ़ेंयूट्यूबर ध्रुव राठी की बढ़ी मुश्किलें, ‘BJP IT Cell Part-2’ वीडियो मामले में दिल्ली कोर्ट का समन
