
रेवाड़ी। हरियाणा के जिला रेवाड़ी के गांव गोठड़ा पाली की तीन वर्षीय परीशा ने अपनी याददाश्त और लगातार अभ्यास के दम पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई है। इतनी कम उम्र में परीशा अलग-अलग श्रेणियों के दर्जनों नाम एक मिनट में बताने में सक्षम है। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। अब परिजन उसे वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल कराने की तैयारी कर रहे हैं।
परीशा के पिता प्रदीप यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं, जबकि मां सोनम यादव गृहिणी हैं। सोनम ने बताया कि बेटी की चीजों को पहचानने और याद रखने की क्षमता को देखते हुए उन्होंने करीब डेढ़ साल की उम्र से ही उसे अभ्यास कराना शुरू कर दिया था। उस समय परीशा ठीक से बोल भी नहीं पाती थी, लेकिन इशारों से शरीर के आठ से दस अंगों की पहचान कर लेती थी। इसके बाद खेल-खेल में उसे अलग-अलग वस्तुओं, जीव-जंतुओं और देशों के झंडों के नाम याद कराने शुरू किए गए।
एक मिनट में इतने नाम गिना बनाया रिकोर्ड: पिता प्रदीप के अनुसार, परीशा एक मिनट में 35 सब्जियों, 35 फलों और 35 देशों के झंडों के नाम बता सकती है। इसके अलावा उसे 35 जानवरों, 40 पक्षियों, 25 रेंगने वाले जीवों और 35 समुद्री जीवों के नाम भी याद हैं। वह संस्कृत में गायत्री मंत्र का सही उच्चारण भी कर लेती है। परिवार अब उसे योग और भगवद्गीता के श्लोकों का अभ्यास भी करा रहा है, ताकि वह आगे और उपलब्धियां हासिल कर सके।
ये भी पढ़ें:जीनस इनोवेशन की सिरसा में डीलर मीट, 50 प्रमुख डीलर्स ने लिया हिस्सा
19 अक्टूबर को प्रमाणपत्र पहुंचा, मीडिया को दी जानकारी
परिवार के अनुसार, परीशा के रिकॉर्ड के लिए 5 अक्टूबर को आवेदन किया गया था। 7 अक्टूबर को वह क्वालीफाई हुई और 19 अक्टूबर को प्रमाणपत्र परिवार के पास पहुंचा। इस उपलब्धि के बाद परिजनों ने उसे वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए तैयार करने की योजना बनाई है। परिवार का कहना है कि परीशा रेवाड़ी जिले में इस तरह का रिकॉर्ड बनाने वाली पहली बच्ची है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल परिवार बेटी की प्रतिभा को निखारने और उसे आगे बढ़ाने में जुटा है।
ये भी पढ़ें:भिवाड़ी की फैक्ट्रियों का काला पानी फिर धारूहेड़ा में घुसा
