
कोसली (Best E News) करीब 11.57 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे नए बस स्टैंड के नामकरण को लेकर कोसली और भाकली गांव के बीच विवाद फिर गहरा गया है। मंगलवार को कोसली विकास मंच के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों ने मिनी सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और बस स्टैंड का नाम कोसली के नाम पर ही रखने की मांग की।
मंच अध्यक्ष तेजपाल यादव ने कहा कि बस स्टैंड पहले से कोसली के नाम से संचालित है। पुराना भवन जर्जर होने के कारण इसका दोबारा निर्माण कराया जा रहा है, इसलिए नाम बदलने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने दावा किया कि दोनों गांवों के बीच वर्ष 2014 में परियोजनाओं के नामकरण को लेकर समझौता हो चुका है।

शहीद सत्यप्रकाश के नाम पर रखने की मांग
इससे पहले 21 अक्टूबर को भाकली के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बस स्टैंड का नाम शहीद सत्यप्रकाश के नाम पर रखने की मांग की थी। 16 अक्टूबर को कोसली विधायक अनिल यादव ने नए बस स्टैंड के सब-डिपो का भूमि पूजन किया था।
ये भी पढ़ें:Rewari crime: बावल IMT मारपीट मामले में एक और आरोपी चढा हत्थे
पहले भी हो चुका है टकराव
मृदा एवं जल प्रयोगशाला, किसान भवन और रेलवे ओवरब्रिज के नामकरण को लेकर भी दोनों गांवों के बीच विवाद हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, 13 अगस्त 2014 को समझौते के बाद विवाद थमा था। अब नए बस स्टैंड के नामकरण ने पुराने मुद्दे को फिर हवा दे दी है।

ये भी पढ़ें:रेवाड़ी अदालत का बड़ा फैसला, बधराणा के गांजा तस्कर को 7 साल की कैद
