
रेवाड़ी। केंद्रीय आर्य युवक परिषद रेवाड़ी एवं पतंजलि परिवार रेवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में बाल भवन में श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षाविद, साहित्यकार, संस्कृति-प्रकृति कवि एवं पर्यावरण चिंतक मनोज कुमार वशिष्ठ को शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, समाजसेवा के लिए श्रेष्ठ शिक्षक अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। समारोह में विधायक लक्ष्मण यादव, जिला अध्यक्षा डॉ. वंदना पोपली सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह का मुख्य आकर्षण मनोज कुमार वशिष्ठ की अंग्रेजी कविता ‘वंदे मातरम्’ रही, जो आरएसएस की राष्ट्रीय पत्रिका ऑर्गनाइजर के अगस्त माह के स्वतंत्रता दिवस विशेषांक के शीर्षक पृष्ठ पर प्रकाशित हुई थी। आयोजकों के अनुसार इस कविता की सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की है।
इसके अलावा हरियाणा शिक्षा विभाग की पत्रिका ‘शिक्षा सारथी’ में प्रकाशित उनके लेख ‘Views of Vivekananda’ तथा हरियाणा साहित्य अकादमी की पत्रिका ‘हरिगंधा’ में विभाजन विभीषिका पर प्रकाशित लेख ‘अखंडित राष्ट्र: खंडित मानवता’ के लिए भी उन्हें बधाई दी गई।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी: किसानों को मिलेगा सरसों का उत्तम किस्म का बीज, जानिए कहां से खरीदें
मनोज कुमार वशिष्ठ पिछले तीन दशक से विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संयोजन, एनसीसी अधिकारी, स्काउट्स मास्टर, रेड क्रॉस ब्रिगेड अधिकारी, भर्ती बोर्ड में विषय विशेषज्ञ तथा राज्य, जिला और खंड स्तर पर निर्णायक की भूमिका निभाई है।
कोविड-19 में किया पूरा सहयोगा: पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण और पौधे वितरण, रक्तदान शिविरों में सहयोग तथा स्वयं छह बार रक्तदान करने के अलावा वे हर वर्ष जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा और वर्दी उपलब्ध कराने में भी योगदान देते हैं। कोविड-19 और बाढ़ के दौरान सेवा कार्यों के साथ उन्होंने ‘प्लास्टिक मुक्त जीवन’ और ‘नशा मुक्त समाज’ जैसे अभियानों में भी भागीदारी की है।शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मनोज वशिष्ठ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ये भी पढ़ेंबिना नंबर प्लेट वालों पर रेवाड़ी पुलिस की बडी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि मनोज वशिष्ठ की ‘वंदे मातरम्’ कविता ने रेवाड़ी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया है। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र शर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया, खंड शिक्षा अधिकारी, आर्य समाज के प्रतिनिधि और पतंजलि परिवार के पदाधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक संगठनों, शिक्षाविदों, विद्यालय प्राचार्यों और स्टाफ सदस्यों ने भी मनोज कुमार वशिष्ठ को सम्मान मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
