रेवाड़ी, 18 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत MLA लक्ष्मण यादव ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य, भोजन, रहने तथा अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद विधायक ने कालका गांव स्थित वाटर वर्क्स का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से पेयजल की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और रखरखाव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होना जरूरी है। इसके बाद नागरिक अस्पताल में स्थापित वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि वर्षा जल संरक्षण आज समय की जरूरत है और वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से बारिश के पानी का बेहतर उपयोग करने के साथ भूजल स्तर को बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को वाटर हार्वेस्टिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा जरूरत के अनुसार सुधार कार्य करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा, सुशासन और जनहित से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। हरियाणा में 17 अक्टूबर 2026 तक जनभागीदारी के साथ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दीपक मंगला, अजय काटीवाल, संदीप यादव, कैप्टन देवदत्त, राम सिंह, बहादुर सिंह, विजय और अमित यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










