
फरीदाबाद (Best24News): हरियााणा के फरीदाबाद में जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित ‘काला दिवस’ प्रदर्शन के दौरान आपस में भिड़ने और विवाद को सार्वजनिक करने के मामले में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह मलिक की ओर से पार्टी की दो वरिष्ठ महिला नेताओं को कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर जवाब तलब किया गया है। जिन दो नेताओं को नोटिस जारी किया गया है, उनमें बल्लभगढ़ से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी पराग शर्मा और फरीदाबाद की पूर्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष गजना लांबा शामिल हैं।
क्या था पूरा मामला और अनुशासनहीनता के आरोप?
अनुशासन समिति द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, 8 अक्तूबर को फरीदाबाद में आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान दोनों महिला नेताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों नेताओं पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान अमर्यादित व्यवहार करने, आपस में झगड़े की स्थिति पैदा करने और सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
मीडिया तक पहुंचा मामला: समिति ने विशेष रूप से इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई है कि पार्टी के आंतरिक विवाद को पुलिस थाने तक ले जाया गया और मीडिया के सामने सार्वजनिक किया गया। इससे संगठन की मर्यादा और सार्वजनिक छवि धूमिल हुई है।नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में जवाब दाखिल नहीं किया जाता या दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया जाता है, तो समिति उपलब्ध तथ्यों और अभिलेखों के आधार पर एकतरफा (Unilateral) अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी के उपचेयरमैन निखिल मांढैया से मिले व्यापारी, शहर के विकास पर चर्चा
7 दिन का अल्टीमेटम, होगी एकतरफा कार्रवाई
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति ने दोनों नेताओं से 7 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है कि पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने और अनुशासनहीनता के आरोप में उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।
