
Haryana Weather News: हरियाणा के अंबाला समेत कई जिलों में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने लगी है। गुरुग्राम और हिसार में न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है। गुरुग्राम में 16.4 डिग्री, हिसार और महेंद्रगढ़ में 16.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं पलवल में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री तक पहुंचा जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।
नारनौल में अधिकतम तापमान सिर्फ 29 डिग्री दर्ज किया गया है जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है। यहां पिछले दिनों हुई बारिश के बाद से मौसम लगातार ठंडा बना हुआ है। अक्टूबर के 13 दिनों में हरियाणा में करीब 30 एमएम बारिश हुई है जबकि सामान्य तौर पर सिर्फ 4 एमएम होती है। इस बार औसत से 649 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
बारिश से बदला तापमान का ग्राफ
2004 के बाद यह पहला मौका है जब अक्टूबर में इतनी बारिश हुई है। उस समय पूरे महीने में 58.4 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। अब लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। मंगलवार सुबह हरियाणा का औसत तापमान 17°C दर्ज किया गया जो अक्टूबर के हिसाब से काफी ठंडा माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें:Breaking News: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का बडा फैसला, मुख्य सचिव पर लगाया जुर्माना
किसानों के लिए सुनहरा समय
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि 14 अक्टूबर तक मौसम सूखा रहने की संभावना है। दिन में हल्की धूप और रात में ठंड का यह मेल रबी फसलों की बुआई के लिए सबसे उपयुक्त है। किसानों को इस मौसम में सरसों, चना और गेहूं की बुआई करने की सलाह दी गई है ताकि फसल की पैदावार अच्छी हो।
पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से अब हरियाणा का मौसम स्थिर हो गया है। अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। उत्तरी और पूर्वी जिलों में रात का तापमान और नीचे जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 17 अक्टूबर तक मौसम पूरी तरह साफ और खुश्क रहने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में कचरे से तैयार की जाएगी जैविक खाद, पंचायतों की बढेगी आय
