
हरियाणा बोर्ड (Haryana Board) की कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों के लिए एक अहम निर्देश जारी किया गया है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 (Academic session 2025-26) में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों के लिए अपने आधार कार्ड में फोटो अपडेट कराना अनिवार्य होगा। यह कदम परीक्षा के दौरान छात्रों को आने वाली परेशानी को दूर करने के लिए उठाया गया है।
आम तौर पर बोर्ड परीक्षा के समय कई छात्रों को अपने आधार कार्ड और प्रवेश पत्र की फोटो अलग होने के कारण परीक्षा केंद्रों पर समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार तो इस वजह से छात्र परीक्षा केंद्र में प्रवेश तक नहीं कर पाते। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि छात्रों के आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में फोटो एक समान होनी चाहिए।
शिक्षा निदेशालय ने सभी शिक्षा अधिकारियों को यह जिम्मेदारी दी है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि कक्षा 10वीं और 12वीं के सभी विद्यार्थियों के आधार कार्ड में फोटो अपडेट हो चुकी हो। इसके लिए विद्यालय प्रबंधकों को खास तौर पर जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने विद्यालय के सभी छात्रों के आधार कार्ड की फोटो अपडेटिंग की प्रक्रिया पूरी करवाएं।
ये भी पढ़ें:Breaking News: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का बडा फैसला, मुख्य सचिव पर लगाया जुर्माना
यह व्यवस्था राज्य के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों पर लागू होगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने भी इस बात पर जोर दिया है कि परीक्षा में शामिल होने से पहले छात्र अपने आधार कार्ड में वर्तमान फोटो अपडेट कराएं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (Haryana Board of School Education) मार्च 2026 में कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा आयोजित करेगा। इससे पहले सभी छात्रों के आधार कार्ड में फोटो अपडेट कराना लक्ष्य रखा गया है ताकि परीक्षा के दिन किसी छात्र को कोई दिक्कत न हो।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में कचरे से तैयार की जाएगी जैविक खाद, पंचायतों की बढेगी आय
इस दिशा में सभी खंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस काम को समय पर पूरा करें। इस व्यवस्था से छात्रों की पहचान स्पष्ट होगी और परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह की असुविधा नहीं होगी।
विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें ताकि बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न आए और सभी छात्र सफलता से परीक्षा में भाग ले सकें।
