
रेवाड़ी। पुलिस स्मृति दिवस एवं पुलिस झंडा दिवस के तहत रेवाड़ी पुलिस की ओर से 21 से 31 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के स्कूलों और कॉलेजों में शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों, युवाओं और प्रतिभागियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभी ने शहीदों के आदर्शों पर चलने और अपने कर्तव्यों का पालन निष्ठा, ईमानदारी व देशभक्ति के साथ करने का संकल्प लिया। संबंधित थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को पुलिस स्मृति दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हर साल 21 से 31 अक्टूबर तक पुलिस स्मृति दिवस एवं झंडा दिवस के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है। पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की सुरक्षा करते हैं और हर खतरे से उनकी रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।
ये भी पढ़ें:धारूहेड़ा: दो सेवानिवृत BDPO पर ₹50 हजार जुर्माना, पेंशन से देनी होगी राशि

पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा ने अपने संदेश में कहा कि शहीद पुलिसकर्मी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी वीरता और बलिदान सदैव कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की प्रेरणा देते हैं। हरियाणा पुलिस अपने शहीदों को नमन करती है और उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें:धारूहेड़ा: दिसंबर में मसानी बैराज पर होगा धरना, रणनीति तैयार
