
रेवाड़ी: एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भी कमलजीत और सुरुचि का लक्ष्य बड़ा है। दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। अब उनका सपना ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा लहराना है। खिलाड़ियों के इस संकल्प पर समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटे रेवाड़ी के कमलजीत और झज्जर की सुरुचि का बुधवार को जिले में जोरदार स्वागत किया गया।

रेवाड़ी पहुंचते ही बजे ढोल-नगाड़े: एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भी कमलजीत और सुरुचि 2 अक्टूबर को सुलखा पहुंचे तो दोनों खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़े और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अभिनंदन किया गया। कमलजीत के पैतृक गांव सुलखा में आयोजित सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी पहुंचे।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी पुलिस का नशा मुक्ति अभियान: गुरावड़ा में लोगों को किया जागरूक
रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड मेडल
23 साल के कमलजीत और 20 साल की सुरुचि के लिए इंडिविजुअल इवेंट बेहद खराब रहे थे और दोनों ही अपने-अपने मुकाबलों के फाइनल तक भी नहीं पहुंच सके थे। मगर एक टीम के रूप में दोनों ने उस नाकामी को पीछे छोड़ा। दोनों ने क्वालिफाइंग में ही अपना दबदबा दिखाते हुए 587 पॉइंट्स के साथ फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद बारी फाइनल की थी और यहां भी दोनों ने अपनी इसी फॉर्म को बरकरार रखा।
सुलखा में सम्मान समारोह आयोजित: केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कमलजीत और सुरुचि की उपलब्धि पूरे क्षेत्र और देश के लिए गर्व का विषय है। गांवों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर सुविधाएं और सही मंच देने की। स्वर्ण पदक विजेता सुरुचि सिंह ने सम्मान समारोह के दौरान हरियाणा में नई शूटिंग अकादमियां खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा निशानेबाजी में आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अभ्यास और प्रशिक्षण की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। यदि गांवों के नजदीक शूटिंग अकादमियां उपलब्ध हों तो कई नई प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
ये भी पढ़ेंनंदरामपुरबास में बाबा बिशनदास जी महाराज का मेला 26 को
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार और कोसली विधायक अनिल कुमार ने दोनों खिलाड़ियों को पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। ग्रामीणों ने खिलाड़ियों कमलजीत और सुरुचि का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
