
रेवाड़ी: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU), मीरपुर में 13 से 15 नवंबर तक 9वें अंतर-जोनल विश्वविद्यालय युवा महोत्सव ‘हिंडोला-2026’ का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए 39 विशेष समितियों का गठन किया गया है। कुलपति प्रो. असीम मिगलानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समितियों की जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा की गई।
39 समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी समितियों के संयोजकों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा सहायता, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। संगीत, नृत्य, नाटक, साहित्यिक और ललित कला प्रतियोगिताओं में निष्पक्षता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जोन के युवा महोत्सव की तारीख तय
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. करण सिंह ने बताया कि रेवाड़ी जोन का युवा महोत्सव 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक कृष्णा डिग्री कॉलेज में आयोजित होगा। वहीं, महेंद्रगढ़ जोन का युवा महोत्सव प्रशासनिक कारणों से अब 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारनौल में होगा। दोनों जोनल महोत्सवों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीमें अंतर-जोनल महोत्सव ‘हिंडोला-2026’ में भाग लेंगी।
ये भी पढ़ें:Rewari Voter List 2026: 6 नवंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची? जानिए कब तक करे शिकायत
युवा कल्याण निदेशक प्रो. अदिति शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों के विद्यार्थी भी विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं की तैयारी में जुटे हैं। पिछले वर्षों में विश्वविद्यालय की टीमों ने रेवाड़ी जोन की ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर उपलब्धि हासिल की थी। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष भी महोत्सव को सांस्कृतिक प्रतिभा और युवाओं की ऊर्जा से भरपूर यादगार आयोजन बनाना है।
ये भी पढ़ें:ऑपरेशन मुस्कान: रेवाड़ी पुलिस ने कैसे दो बिछड़े बच्चों को परिजनों से मिलवाया
