
Haryana: रेवाड़ी साइबर थाना पुलिस ने स्टॉक मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर 9.46 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस प्रकरण में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान कर्नाटक के मैसूर निवासी मोहम्मद आफताब और मोहम्मद अबूबकर सिद्दकी के रूप में हुई है। इससे पहले इस मामले में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस जांच के अनुसार, 22 सितंबर को गांव पीथनवास निवासी जयकृष्ण आभीर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अगस्त को वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ा था, जिसके बाद कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया। आरोपियों ने उसे “RUSEL-C CM” नामक मोबाइल एप इंस्टॉल करवा कर स्टॉक मार्केट में निवेश करने का झांसा दिया और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 9.46 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब शिकायतकर्ता ने पैसे वापस मांगने की कोशिश की तो आरोपियों ने और रकम जमा कराने का दबाव बनाया, जिसके बाद उसे ठगी का पता चला।
पुलिस ने पहले ही इस मामले में गुरुग्राम निवासी अजय ओमपाल, पटना निवासी पृथ्वी राज चौहान और तरूणचंद्रम झा, तथा कोलकाता निवासी शुभम माली को गिरफ्तार किया था। अब पकड़े गए मोहम्मद आफताब के बैंक खाते से 17 लाख 97 हजार 697 रुपये ट्रांजेक्शन हुए थे, जबकि अबूबकर सिद्दकी ने इस ठगी में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ये भी पढ़ें:Breaking News: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का बडा फैसला, मुख्य सचिव पर लगाया जुर्माना
