IGU मीरपुर में दर्दनाक हादसा: नई बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरकर इलेक्ट्रिशियन की मौत, जांच में जुटी पुलिस

On: September 26, 2026 5:49 PM
Follow Us:

धारूहेड़ा (Best E News): इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (IGU) मीरपुर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यूनिवर्सिटी परिसर में बन रही नई बिल्डिंग की चौथी मंजिल से अचानक नीचे गिरने के कारण एक इलेक्ट्रिशियन की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद विश्वविद्यालय परिसर व परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक मिस्त्री की पहचान रेवाड़ी जिले के गांव काकोड़िया निवासी लगभग 45 वर्षीय बलवान के रूप में हुई है।

काम के दौरान हुआ हादसा, रात में तोड़ा दम
धारूहेड़ा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आईजीयू मीरपुर परिसर में इस समय नई इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है। इस निर्माण कार्य का ठेका पलवल निवासी ठेकेदार नवीन के पास है। गांव काकोड़िया निवासी बलवान इस नई बिल्डिंग में बिजली (इलेक्ट्रिशियन) का काम कर रहा था।

शुक्रवार शाम को काम करते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से बलवान चौथी मंजिल से नीचे आ गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों और ठेकेदार द्वारा उसे तुरंत इलाज के लिए रेवाड़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। शनिवार को पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

धारूहेड़ा थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि हादसे के समय सुरक्षा मानकों (Safety Norms) का पालन किया जा रहा था या नहीं।

Best E News

मै पीके चौहान पिछले 6 साल में पत्रकारिता में कार्यरत हूं। मेरे द्वारा राजनीति, क्राइम व मंनोरजन की खबरे Best E News पर अपडेट की जाती है।

WhatsApp

Join Now

Facebook

Follow Now