
रेवाड़ी (Best E News): रेवाड़ी शहर में महिलाओं, युवतियों और छात्राओं को सुरक्षित तथा भयमुक्त माहौल प्रदान करने के लिए जिला पुलिस ने सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया है। शहर में 5 ‘पिंक राइडर्स’ (Pink Riders) की विशेष महिला पुलिस टीम तैनात की गई है।वीरवार को लघु सचिवालय रेवाड़ी परिसर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान एएसपी (ASP) दीपिका अग्रवाल (IPS) ने इन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पांच पिंक राइडर स्कूटियों को हरी झंडी दिखाकर शहर में गश्त के लिए रवाना किया।
तंग गलियों में भी मनचलों पर रहेगी नज़र: ASP दीपिका अग्रवाल
एएसपी दीपिका अग्रवाल ने बताया कि पिंक राइडर्स शहर के प्रमुख बाजारों, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में निरंतर गश्त करेंगी। ये सभी स्कूटियां बॉडी वॉर्न कैमरा (Body Camera) और अत्याधुनिक संचार उपकरणों से लैस हैं।
संकरी गलियों तक पहुंच: स्कूटी होने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि महिला पुलिसकर्मी शहर के तंग रास्तों और अंदरूनी गलियों में भी आसानी से पहुंच सकेंगी, जहां चार पहिया वाहन नहीं जा पाते। पुलिस प्रशासन की योजना आगामी चरणों में पिंक राइडर्स की संख्या को और बढ़ाने की है।
ये भी पढ़ेंगढ़ी अलावलपुर स्कूल के दो शिक्षकों को मिला श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान
दुर्गा शक्ति व 112 के साथ मिलकर करेगी काम, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई
यह विशेष टीम स्थानीय थाना पुलिस और दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी। किसी भी आपात स्थिति या शिकायत की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं या छात्राओं के साथ छींटाकशी, छेड़छाड़ अथवा हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डायल 112 पर दें सूचना: ASP दीपिका अग्रवाल ने महिलाओं व छात्राओं से अपील की कि वे बिना किसी डर के अपने कॉलेज, कोचिंग या काम पर जाएं। असुरक्षा या संदिग्ध गतिविधि महसूस होने पर तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें।इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी पीएसआई सरिता, थाना शहर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, थाना मॉडल टाउन प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
