
रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी जिले में बिना विभागीय अनुमति के काटी जा रही अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों पर जिला प्रशासन का कड़ा रुख जारी है। गुरुवार को जिला नगर योजनाकार (DTP) नरेंद्र नैन की अगुवाई में टीम ने नियंत्रित और शहरी क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर बड़ी तोड़फोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से की गई । डीटीपी विभाग की टीम ने राजस्व संपदा माजरा गुरदास में करीब 2 एकड़ भूमि पर बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर सीधी कार्रवाई की।
क्या-क्या तोड़ा गया: कार्रवाई के दौरान 4 पक्के चारदीवारी परिसर (Boundary Walls), 8 आरसीसी पोल और बिछाए जा रहे कच्चे सड़कों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा राजस्व संपदा माजरा खुर्द में महानिदेशक, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा (चंडीगढ़) की अनुमति के बिना किए जा रहे अवैध निर्माणों पर भी तोड़फोड़ की गई।
ये भी पढ़ेंगढ़ी अलावलपुर स्कूल के दो शिक्षकों को मिला श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान
प्लॉट खरीदने से पहले DTP कार्यालय से लें वैधता की जानकारी: नरेंद्र नैन
जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने आमजन से अपील की है कि वे नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें और न ही भू-माफियाओं के बहकावे में आएं।
कुछ प्रॉपर्टी डीलर भोले-भाले लोगों को झूठे सब्जबाग दिखाकर बिना अनुमति वाली खाली जमीन पर प्लॉट बेच देते हैं, जिससे बाद में खरीदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
कार्यालय से कराएं जांच: कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले किसी भी कार्यदिवस (Working Day) में जिला नगर योजनाकार कार्यालय, रेवाड़ी आकर संबंधित कॉलोनी की वैधता (Legality) की जांच अवश्य कराएं।
