
रेवाड़ी। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की रेवाड़ी इकाई ने दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट, कम माप-तौल, अनुचित मूल्य वसूली, जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में पंचायत के सदस्यों ने बुधवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर बाजारों में विशेष निगरानी और निरीक्षण अभियान चलाने की मांग की।
ज्ञापन में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराने की मांग की गई। पंचायत ने कहा कि मिलावटी, बासी, दूषित और असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।
सही माप-तौल और उचित कीमत पर सामान दिलाने की मांग
ये भी पढ़ेंधारूहेड़ा रामलीला में राम वनवास का मंचन, कैकेयी के वरदान सुन व्याकुल हुए दशरथ
ग्राहक पंचायत ने दुकानों पर तराजुओं का सत्यापन करवाने और वस्तुओं की मूल्य सूची प्रदर्शित कराने की मांग भी की। ज्ञापन में कहा गया कि ग्राहकों को निर्धारित मात्रा में सामान उचित मूल्य पर मिलना चाहिए। आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी, कृत्रिम अभाव और कालाबाजारी रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।
पंचायत ने खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अलावा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने और इसके स्थान पर कागज, कपड़े सहित पर्यावरण अनुकूल पैकिंग सामग्री को बढ़ावा देने की मांग की गई।
ये भी पढ़ेंधारूहेड़ा के बालाजी मंदिर में स्थापना दिवस पर हवन और भंडारा
संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने की अपील
ज्ञापन में संबंधित विभागों से संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाने, उपभोक्ता शिकायतों के माध्यमों का प्रचार करने और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। पंचायत ने जिला प्रशासन से दीपावली से पहले और त्योहार के दौरान विशेष निगरानी रखने की अपील की, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य पदार्थ और आवश्यक वस्तुएं सही माप-तौल के साथ उचित कीमत पर मिल सकें।
इस अवसर पर ग्राहक पंचायत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. आर. बी. यादव, जिला अध्यक्ष विपिन ढींगरा, जिला संगठन मंत्री कृष्ण कुमार, डी.पी. यादव, अरुण कुमार, रामकिशोर सैनी और एडवोकेट होशियार सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़ेंधारूहेड़ा PHC में नुक्कड़ नाटक से AIDS के प्रति किया जागरूक
