
रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी पुलिस की ओर से नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए रेवाड़ी (CIA Rewari) की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गांजा और अवैध देशी शराब तस्करी के मामले में संलिप्त दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पारस उर्फ जोनी (निवासी गांव माजरा गुरदासपुर) और धर्मबीर उर्फ मोटा (निवासी गांव ढालियावास) के रूप में हुई है।
26 सितंबर का मामला: 1.238 किग्रा गांजा हुआ था बरामद
बता दे कि गत 26 सितंबर को CIA रेवाड़ी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव ढालियावास निवासी इन्द्रजीत उर्फ चुर्री और आकाश उर्फ मंत्री राजस्थान से अवैध गांजा व शराब लाकर इलाके में सप्लाई करने की फिराक में हैं। टीम ने ढालियावास में दबिश देकर दोनों को मौके पर ही धर दबोचा था। डीएसपी कोसली विद्यानंद की उपस्थिति में ली गई तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1 किलो 238 ग्राम अवैध गांजा और 13 पेटी अवैध देशी शराब बरामद हुई थी।
तीन आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल: मॉडल टाउन थाने में NDPS और Excise Act के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने पूर्व में तीन आरोपियों—इन्द्रजीत उर्फ चुर्री, आकाश उर्फ मंत्री और शराब सप्लायर राकेश उर्फ राका (निवासी महावीर नगर, रेवाड़ी) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए सीआईए टीम ने रविवार को तस्करी के नेटवर्क में शामिल पारस उर्फ जोनी और धर्मबीर उर्फ मोटा को भी विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें:हरियाणा में बायोगैस कंपनी में निवेश के नाम 12 लाख की ठगी
आपराधिक पृष्ठभूमि: पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ रेवाड़ी जिले के विभिन्न पुलिस थानों में मारपीट, चोरी, एक्साइज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट (Arms Act) जैसे कई संगीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि इनके गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें:धारूहेड़ा में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती: नपा उप चेयरमैन अमन राव रहे मुख्य अतिथि
