
धारूहेड़ा (Best E News) रेवाड़ी के पूर्व विधायक रणधीर सिंह (Ex Mla Randhir singh kapriwas) के गांव कापड़ीवास में पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जे और मुख्य फिरनियों पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिछले चार साल में छह बार शिकायत करने के बावजूद न तो पंचायत की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया और न ही रास्तों से अतिक्रमण हटाया गया। फरवरी 2022 से सीएम विंडो पर शिकायत देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

शिकायतकर्ता डॉ. धर्मेंद्र के अनुसार, गांव में करीब छह एकड़ जोहड़ की जमीन पर अवैध कब्जे किए गए हैं। इसके अलावा गांव की कई गलियों और मुख्य फिरनियों पर अतिक्रमण के कारण रास्ते संकरे हो गए हैं। उनका कहना है कि जिन रास्तों की चौड़ाई करीब 40 फीट थी, वहां अब आधी जगह ही बची है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. धर्मेंद्र ने बताया कि शुरुआत में बीडीपीओ की ओर से जमीन की पैमाइश करवाकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। पंचायत की ओर से भी लोगों से अवैध कब्जे हटाने की अपील की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें:हरियाणा में 5 मंजिला इमारत गिरते गिरते बची, ठेकेदार पर FIR

शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब 10 दिन पहले गांव के आधा दर्जन लोग जमीन की पैमाइश करवाने की मांग को लेकर नायब तहसीलदार से मिले थे। उनका आरोप है कि अधिकारियों की ओर से बार-बार तारीख देकर मामले को टाला जा रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि पंचायत की जमीन और मुख्य फिरनियों की पैमाइश करवाकर अवैध कब्जों तथा अतिक्रमण को हटाया जाए।
अधिकारियों से संपर्क, नहीं मिला संतोषजनक जवाब
मामले को लेकर धारूहेड़ा के बीडीपीओ और नायब तहसीलदार से संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सीएम विंडो पर बार-बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिम्मेदार विभाग कब कदम उठाएंगे। ग्रामीणों को अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।
