धारूहेड़ा। कस्बे में जल्द ही एक भव्य एवं आधुनिक गुरुद्वारे का निर्माण शुरू होने जा रहा है। इसके लिए रविवार को कार सेवा, नव निर्माण समारोह एवं भूमि पूजन का आयोजन किया जाएगा।Dharuhera News
कार्यक्रम में हरियाणा पर्यटन निगम के पूर्व चेयरमैन राव इंदर पाल तथा धारूहेडा नगर पालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन सत्य नारायण जांगड़ा मुख्य रूप से शामिल होकर भूमि पूजन करेंगे। इस अवसर पर कस्बे के सभी समाजों के लोगों को आमंत्रित किया गया है।Dharuhera News
सिंह सभा गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अनुसार, मौजूदा गुरुद्वारा काफी पुराना हो चुका था और बरसात के दिनों में परिसर में पानी भरने की समस्या रहती थी। इसी कारण पुराने ढांचे को समतल कर दिया गया है, ताकि नए गुरुद्वारे का निर्माण बेहतर योजना के साथ किया जा सके।
समिति ने बताया कि नए गुरुद्वारे की ड्रॉइंग तैयार हो चुकी है और इसका निर्माण आधुनिक तकनीकों एवं आकर्षक डिजाइन के साथ किया जाएगा। गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिससे भविष्य में बड़ी संख्या में संगत यहां सहजता से मत्था टेक सके।
सिंह सभा गुरुद्वारा ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे भूमि पूजन एवं कार सेवा कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।













