रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय IGU Rewari ) की ओर से अंतर कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं के तहत बुधवार को शूटिंग चैंपियनशिप एवं चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता रेवाड़ी स्थित कैनरी शूटिंग रेंज में सुबह 10 बजे शुरू होगी। इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके बाद 23 अक्तूबर को अटेली स्थित गवर्नमेंट कॉलेज में वेट लिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग और बेस्ट फिजीक की पुरुष एवं महिला वर्ग की चैंपियनशिप और चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
चयन ट्रायल में शुल्क देना होगा: सहायक खेल निदेशक देवेंद्र ढाका ने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए पहचान पत्र और पात्रता प्रपत्र साथ लाना अनिवार्य है। प्रत्येक टीम के साथ संबंधित कॉलेज के प्रबंधक या इंचार्ज का उपस्थित रहना भी जरूरी होगा। चयन ट्रायल के लिए प्रति प्रतिभागी 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय पर अपनी टीमों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि अक्तूबर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का कार्यक्रम जारी किया गया है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें अंतर विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी अनाज मंडी: आज केवल इस किसानों का लिया जाएगा बाजरा, यहां पढें गांवों के नाम

