
रेवाड़ी। रेवाड़ी पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना कसौला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध देसी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव जलियावास निवासी रमन उर्फ बोगा असाई फ्लाईओवर के नीचे अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रमन को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में रमन ने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार डयोढ़ई गांव निवासी शेखर से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने हथियार सप्लाई करने के आरोप में शेखर को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस ने जांच और पूछताछ के आधार पर हथियार सप्लाई करने के आरोप में आशीफ निवासी झिंझर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश, हाल किराएदार बावल को भी गिरफ्तार किया है। वहीं, इसी दिन पुलिस को सूचना मिली कि गांव आसलवास निवासी अमित कुमार असाई पुल के पास अवैध हथियार लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अमित को काबू किया। तलाशी में उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी: किसानों को मिलेगा सरसों का उत्तम किस्म का बीज, जानिए कहां से खरीदें
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े मामले में जांच जारी है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियार रखने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
