
रेवाड़ी। अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर बाल भवन रेवाड़ी में केंद्रीय आर्य युवा परिषद एवं पतंजलि योगपीठ रेवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राजकीय प्राथमिक पाठशाला गढ़ी अलावलपुर के दो शिक्षकों को श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा एवं रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मुख्य अध्यापक अशोक कुमार और शिक्षक जितेंद्र कुमार को सम्मान प्रदान किया।मुख्य अध्यापक अशोक कुमार को बच्चों को आनंदमय तरीके से शिक्षा देने, लेखन कार्य तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने स्वयं भी कई पुस्तकों के सह-संपादक के रूप में लेखन कार्य किया है।
वहीं शिक्षक जितेंद्र कुमार को सामाजिक कार्यों में योगदान देने के लिए श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान दिया गया। सम्मान मिलने के बाद दोनों शिक्षक जब विद्यालय पहुंचे तो स्कूल के अध्यापकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। शिक्षकों के सम्मान से बच्चों में भी खुशी की लहर दौड़ गई।
