
धारूहेड़ा: रेवाड़ी पुलिस ने नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए धारूहेड़ा क्षेत्र में विशेष सर्च और चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में रविवार को सीआईए धारूहेड़ा, डॉग स्क्वॉड और थाना धारूहेड़ा पुलिस की संयुक्त टीमों ने टाउन पार्क के पास, नंदरामपुर बास रोड सहित कई संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर जांच की।
अभियान के दौरान थाना धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक फूल कुमार, सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा और पुलिस टीमों ने संदिग्ध मकानों, ठिकानों और सार्वजनिक स्थानों की तलाशी ली। जांच में प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की भी मदद ली गई। पुलिस की ओर से कहा गया कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिला रेवाड़ी को नशामुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
रेवाड़ी पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस के अनुसार, नशे की बिक्री, तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर डायल 112 या MANAS हेल्पलाइन 1933 पर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखने की बात पुलिस ने कही है।ये भी पढ़ेंमठ से शिव मंदिर तक निकली कलश यात्रा, श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
