
कोसली: धार्मिक आस्था एवं श्रद्धा से ओत-प्रोत वातावरण में मठ से शिव मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसी के साथ 2 से 9 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा में हिस्सा लिया।

भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जोहड़ पार्टी एवं महिला सत्संग मंडल की सहभागिता से यात्रा का धार्मिक उत्साह और बढ़ गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। शिव मंदिर पहुंचने पर कलश यात्रा का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके पश्चात श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा में राकेश जी महाराज, हरिद्वार तथा शिवकांत शास्त्री, वृंदावन द्वारा श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति, प्रेम एवं सदाचार का संदेश दिया जाएगा।

इस अवसर पर शिव मंदिर महाराज रामदास, लाल सिंह साहब, नरेंद्र पीटीआई, धर्मू जेई, प्रधान राजेश कुमार, पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव, अजीत सिंह, सत्यनारायण लाखा, कृष्ण श्यामी, प्रदीप जी, राकेश जी महाराज हरिद्वार, शिवकांत शास्त्री वृंदावन, ओपी यादव तथा मुकेश उर्फ पिंकी सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ेंनंदरामपुर बास में संत घनश्याम दास के निर्वाण दिवस पर हवन-यज्ञ व विशाल भंडारा

2 से 9 अक्टूबर तक चलने वाली श्रीमद्भागवत कथा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कथा के दौरान भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने एवं धार्मिक लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
