
Best E News: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (IGU) के लिए अत्यधिक गर्व और गौरव का क्षण है। विश्वविद्यालय के दो वरिष्ठ प्राध्यापकों — प्रो. सुनील कुमार (अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले, डीन एवं अध्यक्ष, फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग) और प्रो. पंकज कुमार त्यागी जीव प्राणी विभागाध्यक्ष एवं डीन, फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज) को स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (यूएसए) तथा एल्सेवियर (Elsevier BV) द्वारा वर्ष 2026 की दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों (World’s Top 2% Scientists) की प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में शामिल किया गया है। प्रोफेसर सुनील कुमार को चौथी बार यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। प्रोफेसर पंकज कुमार त्यागी वर्तमान में निदेशक अनुसंधान एवं विकास एवं नेक कोऑर्डिनेटर का पदभार भी संभाल रहे हैं।
कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने दोनों प्रोफेसरों को बधाई दी। कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा:
“यह इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय और संपूर्ण प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व की बात है। प्रो. सुनील कुमार और प्रो. पंकज कुमार त्यागी का उत्कृष्ट अनुसंधान कार्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त कर रहा है। प्रमुख वैश्विक शोध पत्रिकाओं में हमारे शिक्षकों द्वारा प्राप्त यह स्थान विश्वविद्यालय की गुणवत्ता और अनुसंधान के उच्च मानकों को दर्शाता है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे दोनों विद्वान आगे भी नए वैश्विक क्षितिज को छुएंगे और छात्रों के लिए प्रेरणा-स्रोत बने रहेंगे। विश्वविद्यालय में शोध एवं नवाचार का उत्कृष्ट वातावरण तैयार करना हमारी प्राथमिकता है और इस तरह की उपलब्धियां हमारे शोधार्थियों और अन्य शिक्षकों को उच्च स्तरीय वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए निरंतर प्रेरित करेंगी।”
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए कहा:
“विश्वविद्यालय परिवार के लिए यह बेहद हर्ष का विषय है। दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की 2% वैज्ञानिकों की सूची में विश्वविद्यालय के दो वरिष्ठ संकाय सदस्यों का स्थान पाना हमारी शैक्षणिक और वैज्ञानिक गुणवत्ता का प्रमाण है। दोनों प्राध्यापकों की यह अंतरराष्ट्रीय सफलता विश्वविद्यालय के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जाती है।”
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों और कर्मचारियों ने प्रो. सुनील कुमार और प्रो. पंकज कुमार त्यागी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि और सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी।
ये भी पढ़ेंधारूहेड़ा में कब बनेगा CHC, तीन साल में तीन बार घोषणा फिर भी इंतजार क्यों ?
