हरियाणा (Best E News) हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल शुरू हो गई है और इसका असर न पड़े इसके लिए सरकार और प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। हिसार में बिजली घरों और दूसरे जरूरी ठिकानों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने बिजली संस्थानों के आसपास धारा 163 लागू कर दी है। अस्पतालों में पानी की सप्लाई और रेलवे जैसी जरूरी सेवाओं में बिजली बंद न हो इसके लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
बिजली कर्मचारियों ने 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक हड़ताल का ऐलान किया है। सरकार और कर्मचारियों के बीच चंडीगढ़ में बातचीत हुई लेकिन कोई रास्ता नहीं निकल पाया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी। हिसार में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है ताकि आम लोगों को बिजली की परेशानी न झेलनी पड़े।
प्रशासन ने बिजली घरों और थर्मल पावर स्टेशन की निगरानी बढ़ा दी है। बड़े अधिकारियों को अलग अलग जगहों पर जिम्मेदारी दी गई है। कंट्रोल रूम में भी चौबीस घंटे कर्मचारी मौजूद रहेंगे। जिले में बिजली से जुड़े जरूरी ठिकानों की सुरक्षा के लिए करीब 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 20 टीमें बनाई गई हैं जो जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचेंगी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
ये भी पढ़ें:पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, अशोक तंवर और उदय भान को मिली अहम जिम्मेदारी
बिजली संस्थानों के आसपास किसी तरह की गड़बड़ी न हो इसके लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। किसी भी परेशानी या हंगामे की जानकारी देने के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। उपायुक्त कार्यालय का नंबर 01662 231137 है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय का नंबर 01662 237150 और 8814012342 है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कंट्रोल रूम का नंबर 09812452597 है। जरूरत पड़ने पर लोग 112 नंबर पर भी फोन कर सकते हैं।
बिजली मंत्री अनिल विज ने भी कर्मचारियों के साथ बातचीत की है। उन्होंने बताया कि सरकार गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को बिजली सप्लाई देने के फैसले के खिलाफ अपील करेगी।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में डेढ़ करोड़ की सड़क की गुणवत्ता पर सवाल, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अधिकारियों को लगाई फटकार
दरअसल बिजली कर्मचारी गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को 25 साल के लिए बिजली बांटने का लाइसेंस देने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इससे सरकारी बिजली व्यवस्था कमजोर हो सकती है और कर्मचारियों के भविष्य पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल हड़ताल खत्म होने को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई है।
ये भी पढ़ें:हरियाणा पुलिस में हजारों पदों पर भर्ती की तैयारी साइबर अपराधियों पर भी कसेगा शिकंजा

