
धारूहेड़ा: स्थानीय पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 88 हजार 500 रुपये की नकदी, 6 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, करीब 33 चांदी के सिक्के, एक 32 बोर लाइसेंसी रिवाल्वर और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के गांव मंदुसारा निवासी अंकित कश्यप के रूप में हुई है। वह फिलहाल धारूहेड़ा की सैयद कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।
डेयरी संचालक के घर से नकदी और जेवर चोरी

धारूहेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक फूल कुमार ने बताया कि 8 अक्टूबर को रामनगर, बास रोड निवासी परमजीत ने घर में चोरी की शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोर कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे एक लाख रुपये, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के करीब 30 से 35 सिक्के और गुलाबी रंग का स्कूल बैग चोरी कर ले गया था। चोरी हुए सामान में चांदी की पाजेब, तागड़ी, इंडी और सोने के टॉप्स भी शामिल थे। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग ले जाते दिखाई दिया था। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
किराए के कमरे से लाइसेंसी रिवाल्वर चोरी
इसी दिन पुलिस को चोरी की दूसरी शिकायत मिली थी। जींद जिले के गांव गतोली निवासी संदीप, जो धारूहेड़ा की चांद कॉलोनी में किराए पर रहता है, ने बताया कि वह 7 अक्टूबर को कमरे का ताला लगाकर ड्यूटी पर गया था। वापस लौटने पर कमरे का ताला खुला मिला। जांच करने पर बेड में रखे बैग से उसकी 32 बोर लाइसेंसी रिवाल्वर और चार जिंदा कारतूस गायब मिले। इस मामले में भी पुलिस ने अलग से केस दर्ज किया था।
ये भी पढ़ेंहरियाणा कैबिनेट का बड़ा फैसला: लाडो लक्ष्मी योजना की आय सीमा हुई इतनी

कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों मामलों की जांच के लिए टीमें गठित कीं। तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित कश्यप को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर दोनों मामलों में चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया गया है। बरामदगी में 88,500 रुपये नकद, रिवाल्वर, चार कारतूस, मोबाइल फोन और सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ये भी पढ़ेंधारूहेड़ा के वार्ड-4 में चलाया गया विशेष सफाई अभियान, रविवार को स्टेडियम परिसर में होगी सफाई
