
हरियाणा : हरियाणा सरकार के पीपीपी स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने सोमवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक परिवार पहचान पत्र (PPP), पेंशन, राशन कार्ड, आय सत्यापन, जाति प्रमाण पत्र, बिजली, पानी और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे। डॉ. खोला ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
डॉ. सतीश खोला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र और डिजिटल प्रशासन के माध्यम से सरकारी सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने का काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई है।
दफ्तरों के चक्करों से मिलेगी राहत: उन्होंने कहा डिजिटल व्यवस्था बढती ही जा रही है। ऐसे में लोगो को अपने काम करवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पडेगें। उन्होंने बताया कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पेंशन, आयुष्मान भारत, राशन वितरण, छात्रवृत्ति और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। डॉ. खोला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विभिन्न अवसरों पर हरियाणा में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और डिजिटल व्यवस्था की सराहना की है।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी: किसानों को मिलेगा सरसों का उत्तम किस्म का बीज, जानिए कहां से खरीदें
जनसुनवाई के दौरान उन्होंने नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को आवेदन तथा लाभ प्राप्त करने के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
