
धारूहेड़ा: रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। क्षेत्र की वर्षों से लंबित समस्याओं और मांगों के स्थायी समाधान के लिए वे पिछले दो साल से लगातार प्रयास कर रहे हैं। विकास के मामले में रेवाड़ी को किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव शुक्रवार को गांव मालाहेड़ा में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांव में श्मशान घाट की चारदीवारी, नरेंद्र पंच के मकान से एससी चौपाल तक आरसीसी पाइपलाइन और जनरल चौपाल का उद्घाटन किया। इसके अलावा स्कूल से बलवंत के मकान तक इंटरलॉकिंग टाइलों से बने रास्ते और मालाहेड़ा से बलेवा मार्केट कमेटी रोड का भी उद्घाटन कर ग्रामीणों को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार बिना भेदभाव और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य करा रही है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी की जनता ने उन्हें उम्मीद से अधिक समर्थन देकर विधानसभा तक पहुंचाया है। क्षेत्र की पुरानी मांगों को उन्होंने विधानसभा में प्रमुखता से उठाया है और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ेंहरियाणा के इन शहरों के बाहर बनेंगे रिंग रोड और बाईपास, नायब सैनी ने किया ऐलान

धारूहेड़ा की बदलेगी सूरत: लक्ष्मण यादव ने कहा कि विधायक बने दो साल पूरे हो चुके हैं। इस अवधि में रेवाड़ी और धारूहेड़ा के नए बस स्टैंड, सर्कुलर रोड, मसानी बैराज के गंदे पानी की समस्या और शिक्षा सदन जैसी मांगों के समाधान की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की लंबी सूची है और आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। उनके अनुसार, क्षेत्र को पिछली सरकारों के कार्यकाल से चली आ रही समस्याएं विरासत में मिली हैं, लेकिन अब रेवाड़ी की तस्वीर और तकदीर बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
ये रहे मौजूद: इस अवसर पर मालाहेड़ा के सरपंच महेश, जोनावास के सरपंच कार्तिक, दलबीर चेयरमैन, राजपुरा के सरपंच प्रदीप, खटावली के लक्खी सरपंच, ततारपुर के रामचंद्र सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य मोहित, बीडीपीओ अशोक कुमार, दीपक मंगला, कैप्टन देवदत्त, विजय मास्टर, विक्रम सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ये भी पढ़ेंहरियाणा में दिसंबर तक आएगा AI PPP 2.0 वर्जन: डॉ. सतीश खोला
