
रेवाड़ी (Best E News): अहीरवाल की वीर भूमि ग्राम धवाना में सूबेदार नंद किशोर, वीर चक्र के शहीदी दिवस के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अतिथियों, पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों और ग्रामीणों ने उनके स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर उनकी अद्वितीय वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उल्लेखनीय है कि इस भव्य स्मारक का लोकार्पण गत वर्ष इसी दिन किया गया था।
लेफ्टिनेंट जनरल सत्यवीर यादव रहे मुख्य अतिथि
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल सत्यवीर यादव (पीवीएसएम, यूवायएसएम, वीएसएम), पूर्व कमांडेंट इन्फैंट्री स्कूल मऊ एवं पूर्व कर्नल ऑफ द कुमाऊँ रेजिमेंट ने शिरकत की। उनका परिवार तीन पीढ़ियों से 4 कुमाऊँ रेजिमेंट की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा रहा है। उन्होंने स्वयं कर्नल के पद पर 4 कुमाऊँ की कमान संभाली, जबकि उनके पिता कर्नल राम करण ने भी इसी बटालियन का नेतृत्व किया था। उनके दादा ने 4/19 हैदराबाद रेजिमेंट में सेवा दी थी, जो बाद में 4 कुमाऊँ के नाम से जानी गई।
ITBP जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, बच्चों ने दी प्रस्तुतियां
जाटूसाना स्थित ITBP की 29वीं बटालियन की टुकड़ी ने शहीदों की स्मृति में ‘सलामी शस्त्र’ और ‘शोक शस्त्र’ की सैन्य परंपरा के साथ बिगुल वादन कर सलामी दी। एनसीसी कैडेटों ने स्मारक के समक्ष मार्च कर शहीद को नमन किया, वहीं विवेकानंद स्कूल डहीना के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत लघु नाटिकाओं की दिल छू लेने वाली प्रस्तुतियां दीं। 4 कुमाऊँ के जूनियर कमीशंड अधिकारियों (JCOs) और सैनिकों ने सूबेदार नंद किशोर के दोनों पुत्रों—पूर्व सैनिक होशियार सिंह (AMC) और महेंद्र सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी में दीपावली मेले के साथ संपन्न हुआ महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह
पुस्तक “Fire on the Frontiers: The 1965 India-Pakistan War” का लोकार्पण
इस ऐतिहासिक अवसर पर डॉ. टी.सी. राव द्वारा लिखित पुस्तक “Fire on the Frontiers: The 1965 India-Pakistan War” का विमोचन किया गया। यह पुस्तक 1965 के भारत-पाक युद्ध की प्रमुख घटनाओं पर आधारित है, जिसमें 4 कुमाऊँ के योगदान और शहीद सूबेदार नंद किशोर यादव (वीर चक्र) के अदम्य साहस को एक अलग अध्याय में विस्तार से रेखांकित किया गया है।
शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन के संयोजक मेजर (डॉ.) टी.सी. राव ने बताया कि उनके परिवार के 8 सदस्यों ने 1965 तथा 8 सदस्यों ने 1971 के भारत-पाक युद्ध में भाग लिया था। उन्होंने मांग की कि डहीना से कुंड मार्ग का नाम शहीद सूबेदार नंद किशोर (वीर चक्र) के नाम पर रखने का प्रस्ताव हरियाणा सरकार के पास लंबित है, जिस पर शीघ्र स्वीकृति मिलनी चाहिए।समारोह के दौरान 1962 की ऐतिहासिक रेजांगला लड़ाई के वीर बलिदानी सगे भाइयों—लांस नायक सिंह राम (वीर चक्र) और सिपाही राम कुमार को भी पास स्थित स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में कर्नल परमवीर यादव, कर्नल सुरेश यादव, कर्नल पन्नू, कर्नल बांगर, कर्नल जोधा, कैप्टन बलबीर सिंह, कैप्टन चंदन सिंह, धवाना के सरपंच बाबू लाल यादव और 4 कुमाऊँ के सैकड़ों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। अंत में कमांडेंट होशियार सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार जताया, जिसके बाद सामूहिक प्रीतिभोज का आयोजन हुआ।
