
Rewari News : नई अनाज मंडी स्थित श्री शिव रामलीला समिति की रामलीला के आठवें दिन हनुमान जी की लंका यात्रा से लेकर समुद्र पर पुल निर्माण कर रामसेना के लंका पहुंचने तक की लीलाओं का मंचन किया गया। हनुमान जी की माता सीता से भेंट, अशोक वाटिका उजाड़ने, अक्षय कुमार वध, मेघनाथ से युद्ध और रावण-हनुमान संवाद के प्रसंगों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। हनुमान जी द्वारा लंका दहन और विभीषण के श्रीराम की शरण में आने की लीला का भी मंचन हुआ।

पार्षद रीना गुप्ता ने किया रामलीला का शुभारंभ
समिति के महासचिव दीपक मंगला ने बताया कि आठवें दिन की रामलीला का शुभारंभ वार्ड नंबर 23 की पार्षद रीना गुप्ता ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उनके पति एडवोकेट भूपेंद्र सिंह गुप्ता भी मौजूद रहे, जो राष्ट्रीय व्यापार सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
मुख्य अतिथि रीना गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार और जीवन में नैतिक मूल्यों का महत्व समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और अच्छाई का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए।
ये भी पढ़ें:धारूहेड़ा में रोड पर आधी दुकान, जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी
रामलीला में दिलाई अन्न बर्बाद नहीं करने की शपथ
मुख्य अतिथि ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। माता-पिता के वचनों का सम्मान, भाईचारा और अपने कर्तव्यों का पालन समाज को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने उपस्थित दर्शकों को अन्न व्यर्थ नहीं करने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा, “उतना ही लें थाली में, जो व्यर्थ न जाए नाली में।”
कलाकारों ने निभाए विभिन्न पात्र
रामलीला में विपिन अग्रवाल ने हनुमान, सोमेश सैनी ने अंगद, मनोज गुप्ता ने संपाति, राजेश वर्मा ने जामवंत, बीडी अग्रवाल ने विभीषण, हर्ष गुप्ता ने माता सीता, आशीष शर्मा ने श्रीराम और नवीन लखेरा ने लक्ष्मण की भूमिका निभाई। करुणेश ने सुग्रीव, संजीव वशिष्ठ ने रावण, राजेश सैनी ने मंदोदरी, पवन डाबला ने त्रिजटा, कपिलचंद शर्मा ने मेघनाथ और नरेंद्र रामपुरा ने अक्षय कुमार का अभिनय किया। अन्य कलाकारों ने भी विभिन्न पात्रों की भूमिकाएं निभाईं।
ये भी पढ़ें:जड़थल माता मंदिर में जागरण, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

रामलीला का निर्देशन कपिलचंद शर्मा और डॉ. श्याम बिहारी ने किया। मंच संचालन एडवोकेट भूपेंद्र गुप्ता ने किया, जबकि प्रोम्टिंग की जिम्मेदारी एडवोकेट नितेश अग्रवाल ने संभाली।
समिति के महासचिव दीपक मंगला ने आयोजन में सहयोग देने वाले मुख्य संरक्षक एवं विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, अजय मित्तल, राकेश पाल्हावासिया, नरेश मित्तल, राधेश्याम मित्तल, प्रधान नवल किशोर गुप्ता और अन्य सहयोगियों का आभार जताया।
ये भी पढ़ें:ड्रिंक एंड ड्राइव पर बडी कार्रवाई, रेवाड़ी में एक सप्ताह में काटे 1,687 चालान
