
रेवाड़ी: जाटूसाना स्थित शिवमोहन गौशाला में गौसेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिक एवं समाजसेवी सूबेदार बलबीर सिंह को गौवंश संरक्षण और समाजसेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी एवं स्काईलार्क ग्रुप के चेयरमैन मेजर (डॉ.) टी.सी. राव ने उन्हें पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह में क्षेत्र की छह गौशालाओं को कुल 1 लाख 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की जानकारी भी दी गई।
शिवमोहन गौशाला को मिले 1.01 लाख रुपये
ढाणी जाटूसाना निवासी सूबेदार बलबीर सिंह, स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह के पुत्र हैं। उनके सहयोग से शिवमोहन गौशाला, जाटूसाना को 1 लाख 1 हजार रुपये दिए गए, जबकि क्षेत्र की पांच अन्य गौशालाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। इस तरह गौशालाओं के लिए कुल 1 लाख 51 हजार रुपये का योगदान दिया गया।
समारोह में डॉ. टी.सी. राव ने बलबीर सिंह के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजसेवा और राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे लोगों का योगदान दूसरी पीढ़ी को भी जनकल्याण के कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा देता है।
ये भी पढ़ें:धारूहेड़ा में रोड पर आधी दुकान, जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी
बाबू विजय सिंह मूसेपुर को भी किया सम्मानित
कार्यक्रम में बाबू विजय सिंह मूसेपुर को भी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। उनके योगदान की सराहना करते हुए बताया गया कि वे पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्याओं और विसंगतियों को दूर करवाने के लिए प्रयास करते हैं। उनके प्रयासों से पेंशन से जुड़े कई मामलों का समाधान कराया जा चुका है।
डॉ. टी.सी. राव ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। गौशालाओं के संरक्षण के साथ बेसहारा पशुओं के लिए चारा, पानी और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था करना भी सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सक्षम नागरिकों, उद्योगपतियों, पूर्व सैनिकों और सामाजिक संगठनों से गौशालाओं के रखरखाव तथा विकास में सहयोग करने की अपील की।
ये भी पढ़ें:जड़थल माता मंदिर में जागरण, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
सर्दी में गौवंश की देखभाल पर दिया जोर
समारोह के दौरान गौवंश को चारा खिलाया गया और गौशालाओं में उपलब्ध सुविधाओं, रखरखाव तथा विकास कार्यों पर चर्चा की गई। आगामी सर्दी को देखते हुए पशुओं की सुरक्षा और देखभाल के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व एसडीएम (एचसीएस) बिजेंद्र सिंह हुड्डा, गौशाला प्रधान अशोक यादव, हेड कांस्टेबल अशोक यादव, समाजसेवी महेंद्र हुड्डा, वन अधिकारी रामचंद्र, हवलदार धर्मबीर, मदन कोसलिया, शादी राम, हवलदार हरि सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. टी.सी. राव ने सूबेदार बलबीर सिंह के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
ये भी पढ़ें:Rewari News: रामलीला में हनुमान ने जलाई लंका, विभीषण ने ली श्रीराम की शरण
