
हरियाणा (Best E News) जिला रेवाड़ी में कैब चालक को बंधक बनाकर गाड़ी, मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में सीआईए रेवाड़ी और थाना मॉडल टाउन पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने जिला पार्षद के बेटे, उसका जीजा सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार निवासी गांव पुंसिका, परदेसी बाबू निवासी गांव पैला, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी तीतरपुर मसानी, जतिन और कपिल निवासी गांव भीमा खरखड़ी प्रहलादपुरा के रूप में हुई है।
एएसपी ने किया खुलासा, जानिए कैसे पकडे गए: ASP दीपिका अग्रवाल ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि जिला महेंद्रगढ़ के गांव मोड़ी निवासी कैब चालक आशीष 10 अक्टूबर की शाम अपनी सेलेरियो गाड़ी लेकर रेवाड़ी में था। शाम करीब 7:30 बजे उसे उबर ऐप के जरिए बुकिंग मिली। इसके बाद उसने पोसवाल चौक स्थित शराब के ठेके के पास से चार युवकों को गाड़ी में बैठाया। आरोप है कि भवाड़ी गांव के अंडरपास के पास सुनसान रास्ते पर पहुंचने पर युवकों ने चालक का गला दबाकर गाड़ी रुकवा दी और उसे पिछली सीट पर बंधक बना लिया।
बंधक बनाकर चालक के खाते से निकाले 20 हजार: बता दें आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर पासवर्ड पूछा और खेत में ले जाकर बंधक बनाए रखा। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चालक के PhonePe अकाउंट से स्कैनर के माध्यम से करीब 13 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके अलावा पेट्रोल पंप से तेल और नकदी के रूप में करीब 7 हजार रुपये भी लिए। इस तरह कुल 20 हजार रुपये की लूट की गई। इसके बाद चालक के साथ मारपीट कर उसे नारनौल रोड पर हरिनगर पुल के पास छोड़ दिया और उसकी गाड़ी व मोबाइल लेकर फरार हो गए।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी में दीपावली मेले के साथ संपन्न हुआ महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह
सीसीटीवी के खुला राज: घटना की शिकायत मिलने पर थाना मॉडल टाउन रेवाड़ी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर सीआईए रेवाड़ी और थाना मॉडल टाउन की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इस दौरान लूटी गई गाड़ी, मोबाइल और नकदी की बरामदगी के साथ अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता को लेकर पूछताछ की जाए
