
धारूहेड़ा: राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा के प्लेसमेंट सेल की ओर से शनिवार विद्यार्थियों को करियर विकास और रोजगारपरक कौशल की जानकारी दी। इस मौके पर रिज्यूमे लेखन, सीवी एवं प्रोफाइल निर्माण विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बावल कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. जोगिंदर यादव ने मुख्य वक्ता बतौर मौजूद रहे।
डॉ. जोगिंदर यादव ने विद्यार्थियों को प्रभावी रिज्यूमे और सीवी तैयार करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि रिज्यूमे में शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत कौशल, उपलब्धियों, अनुभव और करियर के उद्देश्य का स्पष्ट एवं व्यवस्थित उल्लेख होना चाहिए। एक अच्छा रिज्यूमे रोजगार पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संचार कौशल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक दक्षताओं पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, साक्षात्कार की तैयारी और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए।
महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती दयावती ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कौशल में सुधार करने और भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी अनाज मंडी में 19 से 24 अक्टूबर तक फसल खरीद का शेड्यूल जारी, देखें गांववार सूची
इस मौके पर प्लेसमेंट सेल प्रभारी एकता, डॉ. रामनिवास, मीनाक्षी, सरिता और दीपक का योगदान रहा। व्याख्यान से विद्यार्थियों को अपने करियर की बेहतर योजना बनाने और रोजगार के लिए स्वयं को तैयार करने की जानकारी मिली। अंत में प्लेसमेंट सेल की ओर से मुख्य वक्ता डॉ. जोगिंदर यादव का आभार व्यक्त किया गया।
ये भी पढ़ें:महेंद्रगढ़ अनाज मंडी में इस दिन नहीं होगी बाजरे की खरीद, जाने पूरा शेड्यूल
