
धारूहेड़ा (Best E News) शहर के मेन बाजार स्थित श्री राम रामलीला क्लब द्वारा आयोजित रामलीला में विगत रात्रि श्रीराम विवाह प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने जनकपुरी में आयोजित सीता स्वयंवर, रावण के प्रवेश, भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग करने तथा श्रीराम और माता सीता के विवाह के प्रसंग को शानदार अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया।
सीता स्वयंवर के दौरान रावण के प्रवेश ने मंचन को रोमांचक बना दिया। स्वयंवर में अनेक राजाओं ने शिव धनुष उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी सफल नहीं हो सका। इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से भगवान श्रीराम ने शिव धनुष भंग कर दिया, जिससे जनकपुरी में हर्षोल्लास का माहौल छा गया।

शिव धनुष भंग होने के बाद भगवान परशुराम के आगमन और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का प्रभावशाली मंचन किया गया। लक्ष्मण और परशुराम के बीच हुए तीखे संवादों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और संवाद अदायगी से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।इसके पश्चात श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का मंचन हुआ। इस दौरान पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
ये भी पढ़ेंरेवाड़ी में दीपावली मेले के साथ संपन्न हुआ महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह
इस अवसर पर राम की भूमिका मे लक्ष्मण प्रजापत, लक्ष्मण मोंटी, सीता तरुण शौर्या, रावण लाला राम, जनक सुभाष अग्रवाल, विश्वामित्र रमेश सिकरवाल, लीलाधर सैन, अरुण सैन, शेरसिंह प्रजापत, दलीप सिकरवाल और डॉ. अश्विनी शर्मा,राहुल जोशी सहित सभी कलाकार उपस्थित थे।
क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी मंचन में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
