
फतेहाबाद (Best E News) हरियाणा में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए रतिया की टीम को बडी सफलता मिली है। टीम ने 8800 नशीली गोलियों की खेप बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद गोलियों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये है। आरोपी के कब्जे से 4000 ट्रामाडोल और 4800 अल्प्राजोलम की गोलियां मिली हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।
जानिए कैसे चढा हत्थे:पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रामनगर निवासी शाहिद बाबू सैफी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहा था। 16 अक्टूबर को सीआईए रतिया की टीम सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में रतनगढ़ बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल पर नशीली गोलियों की खेप लेकर बादलगढ़ की ओर आने वाला है।
नाकाबंदी में दबोचा: पुलिस टीम ने गांव बादलगढ़ से ढाणी बबनपुर जाने वाली सड़क पर भाखड़ा नहर पुल के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देखकर उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके काले रंग के पिट्ठू बैग से नशीली गोलियां बरामद हुईं।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी अनाज मंडी में 19 से 24 अक्टूबर तक फसल खरीद का शेड्यूल जारी, देखें गांववार सूची
डीएसपी रतिया कुलबंत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब बरामद गोलियों के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:महेंद्रगढ़ अनाज मंडी में इस दिन नहीं होगी बाजरे की खरीद, जाने पूरा शेड्यूल
