रेवाड़ी: रेवाड़ी जिले को करीब 2 साल के लंबे अंतराल के बाद स्थायी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) मिल गई हैं। 2023 बैच की आईपीएस (IPS) अधिकारी दीपिका अग्रवाल ने शुक्रवार, 4 रेवाड़ी में एएसपी के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। बता दे कि वर्ष 2024 में कुछ महीनों के लिए धारणा यादव को एएसपी नियुक्त किया गया था, जिसके बाद से यह पद पिछले काफी समय से खाली चला आ रहा था।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने दी बधाई, सौंपे मुख्य निर्देश
रेवाड़ी के पुलिस अधीक्षक (SP) हेमेंद्र कुमार मीणा ने नए ASP के रूप में दीपिका अग्रवाल की नियुक्ति पर उन्हें हार्दिक बधाई दी। एसपी ने विश्वास जताया कि नवागत अधिकारी के विज़न, पेशेवर अनुभव और कुशल नेतृत्व से जिला पुलिस तंत्र को एक नई ऊर्जा मिलेगी। एसपी ने उन्हें जिले की भौगोलिक स्थिति, कानून-व्यवस्था के मिजाज और अपराध नियंत्रण पर त्वरित व प्रभावी ढंग से काम करने के दिशा-निर्देश दिए।
SRCC और MBA से लेकर IPS तक: कॉर्पोरेट अनुभव से लैस हैं नई ASP
बता दे कि मूल रूप से सिक्किम (गंगटोक) की रहने वाली आईपीएस दीपिका अग्रवाल की शैक्षणिक और पेशेवर पृष्ठभूमि बेहद प्रभावशाली है: उन्होंने देश के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC, दिल्ली) से बी.कॉम (B.Com) और हैदराबाद से फाइनेंस में पोस्ट-ग्रेजुएशन (MBA) की डिग्री हासिल की है। सिविल सेवा (UPSC) में चयनित होने से पहले वे कॉर्पोरेट सेक्टर में एक ‘इन्वेस्टमेंट प्रोफेशनल’ (Investment Professional) के रूप में कार्य कर चुकी हैं। दिसंबर 2025 से मई 2026 तक वे करनाल में अपनी जिला व्यावहारिक ट्रेनिंग (District Practical Training) पर थीं।
महिला सुरक्षा और सुगम यातायात पर रहेगा विशेष जोर
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त एएसपी दीपिका अग्रवाल ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। जन-शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसकर कानून-व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाया जाएगा।
इतना ही नहीं शहर के व्यस्त क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों (Highways) पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल व संवाद स्थापित किया जाएगा ताकि आमजन में पुलिस के प्रति समन्य बना रहे।












