Breaking News: धारूहेड़ा क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे से सर्विस लाइन की कनेक्टिविटी को लेकर लंबे समय से उठ रही समस्याओं पर आखिरकार विभाग ने संज्ञान लिया है। सेक्टर-6 के पास हाईवे से सर्विस लाइन पर उतरने के लिए कोई स्थायी मार्ग न होने और अस्थाई कट पर जलभराव के कारण स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही थी। इस संबंध में जैन मंदिर के संचालक प्रदुमन द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री हर्षवर्धन को ईमेल के माध्यम से की गई शिकायत के बाद मामले में तेजी आई।
शिकायत मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रोजेक्ट निदेशक योगेश तिलक शुक्रवार को मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि अस्थाई मार्ग पर लगातार जलभराव रहता है और हाईवे की ऊंचाई अधिक होने के कारण वाहन पलटने जैसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके अलावा, मुख्य मार्ग बंद होने से लोगों को करीब एक किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे आमजन और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रोजेक्ट निदेशक ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सुरक्षित और स्थायी कनेक्टिविटी के लिए नया मार्ग तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग इस तरह से डिजाइन किया जाएगा कि जलभराव की समस्या न हो और वाहन चालक आसानी से सर्विस लाइन तक पहुंच सकें। विभाग द्वारा जल्द ही काम शुरू किए जाने की संभावना है, जिससे स्थानीय निवासियों को राहत मिल सकेगी।












