रेवाड़ी : हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) अमित वर्मा के मार्गदर्शन में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला रेवाड़ी में विभिन्न स्थानों पर कानूनी जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।
इन शिविरों के माध्यम से आमजन को उनके स्वास्थ्य से जुड़े मौलिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही नशा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। डीएलएसए रेवाड़ी द्वारा चलाई जा रही ‘मेडिएशन फॉर नेशन’ योजना के तहत लोगों को आपसी विवाद आपसी सहमति से सुलझाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सुलभ एवं त्वरित न्याय के प्रति भी जागरूक किया गया तथा पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविरों में पैनल अधिवक्ता भारती अरोड़ा ने उत्तम नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में तथा अधिवक्ता गोपेश नारायण एवं पीएलवी संगीता यादव ने रेवाड़ी सिविल अस्पताल में उपस्थित लोगों को उपरोक्त विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी और उनके प्रश्नों का समाधान भी किया।
उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के व्यक्तियों तथा तीन लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाले सभी पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। आमजन अपनी किसी भी कानूनी समस्या के समाधान हेतु उपमंडल विधिक सेवा समिति या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रेवाड़ी के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
सीजेएम अमित वर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने बताया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा आमजन की सहायता हेतु टोल फ्री नंबर 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रेवाड़ी द्वारा हेल्पलाइन नंबर 01274-220062 भी चलाया हुआ है, जिस पर नागरिक किसी भी प्रकार की कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
,————















