Haryana Weather Update: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने की संभावना

On: October 4, 2025 1:51 PM
Follow Us:
Haryana Weather Update: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने की संभावना

Haryana Weather Update: हरियाणा में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा, जिससे 5 से 7 अक्टूबर के बीच प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 अक्टूबर को पूरे हरियाणा में, जबकि 7 अक्टूबर को अधिकांश इलाकों में बारिश होगी। 8 अक्टूबर से हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर बदल जाएगी। पहाड़ी इलाकों से चलने वाली हवाएं मैदानी क्षेत्रों की तरफ बढ़ेंगी, जिससे लगातार तापमान में गिरावट आएगी।

फिलहाल प्रदेश में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के करीब है। मौसम विभाग ने बताया कि बादल छाने से दिन का तापमान घट सकता है और रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नमी बढ़ेगी, जिससे सुबह और रात के समय ठंडक महसूस होगी। गुरुवार को सिरसा में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक था।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण नमी वाली हवाएं उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेंगी। इसके चलते 4 अक्टूबर की रात से हरियाणा में मौसम बदलने लगेगा।

राज्य के अधिकतर हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है। 8 अक्टूबर दोपहर के बाद मौसम साफ हो जाएगा और हवा उत्तर एवं उत्तर-पश्चिम दिशा में हो जाएगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

सुनील चौहान

सुनील चौहान हरियाणा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

WhatsApp

Join Now

Facebook

Follow Now