नारनौल : हरियाणा में दूध और देसी घी के दाम बढ़ाने को लेकर पशुपालकों और डेयरी किसानों की मुहीम अब लगातार जोर पकड़ती जा रही है। हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र के बाद अब महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र में भी पशुपालकों ने महापंचायत कर दूध और घी के नए रेट आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए हैं।
शनिवार को हुई बैठक: बता दे कि शनिवार को नारनौल के गांव फैजलीपुर (कादीपुर) में आयोजित भव्य पंचायत में सर्वसम्मति से बढ़ती महंगाई और पशु चारे (खल-बिनौला) के दामों का हवाला देते हुए नया मूल्य ढांचा लागू करने का फैसला लिया गया।
पंचायत द्वारा तय किए गए नए रेट
- भैंस का दूध: ₹80 प्रति लीटर
- गाय का दूध: ₹60 प्रति लीटर
- भैंस का देसी घी: ₹1,500 प्रति किलोग्राम
- गाय का देसी घी: ₹2,000 प्रति किलोग्राम
नियम तोड़ने वालों पर लगेगा 11 हजार रुपये का जुर्माना
पंचायत में लिए गए फैसलों को सख्ती से लागू करवाने के लिए ग्रामीण व पशुपालक समिति ने बड़ा कदम उठाया है। पंचायत पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी पशुपालक या डेयरी संचालक तय दरों से कम कीमत पर दूध या घी बेचता हुआ पाया गया, तो उस पर 11,000 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा। अहीरवाल और आसपास के इलाकों में पशुपालकों के इस फैसले से आम जनता के बजट पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
कई जिलों की जल्द होगी बैठक: बता दें कि हरियाणा के जिला हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र के बाद अब महेंद्रगढ़ जिले के अब नारनौल मे दूध के घी के दाम तय कर दिए है। बताया जा रहा है रेवाड़ी के पशुपालक भी आपस मे संपर्क साध रहे है ताकि यहां भी रेट तय किया जा सके।











