रेवाड़ी (Best24News): रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में रविवार सुबह आयोजित रेवाड़ी हाफ मैराथन में युवाओं के अभूतपूर्व उत्साह और ऊर्जा का अनूठा नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवाओं का जोश और उमंग देखकर खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने स्वयं ढोल बजाकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। सीएम द्वारा बजाए गए ढोल की थाप ने पूरे स्टेडियम में मौजूद युवाओं में नया जोश भर दिया और नशा विरोधी अभियान को एक जन-आंदोलन का रूप दे दिया।

1 लाख युवाओं ने लिया नशे के खिलाफ संकल्प
नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित इस हाफ मैराथन में करीब 1 लाख युवाओं ने भाग लिया और नशा मुक्त हरियाणा का संकल्प लेकर दौड़ लगाई गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संबोधित करते हुए कहा कि नशा किसी भी समाज की सभ्यता, संस्कृति और भावी पीढ़ी को नष्ट कर देता है। इसके दुष्प्रभाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित न रहकर पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देते हैं।

सामूहिक प्रयास की जरूरत: उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल जागरूक होना ही काफी नहीं है, बल्कि इसे समाज से पूरी तरह उखाड़ फेंकने के लिए हम सभी को एकजुट होकर सामूहिक प्रयास करने होंगे।

खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे नशे की लत से दूर रहकर खेलों, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ें। शहर में जगह-जगह नशा विरोधी संदेश और होर्डिंग्स लगाए गए थे। मैराथन में पहुंचे युवाओं व आम नागरिकों ने जीवन में कभी नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।











