धारूहेड़ा: औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सर्कुलर मार्ग स्थित परिसर से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली यात्रा ने नगर भ्रमण किया।
यात्रा की अगुवाई चिंटू यादव गमनामऊ ने की, जो सिर पर श्रीमद्भागवत की पोथी रखकर सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर कलश लेकर श्रद्धा और उत्साह के साथ चल रही थीं। भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। आयोजकों के अनुसार सर्कुलर मार्ग स्थित कथा पंडाल में 15 से 21 मार्च तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। 21 मार्च को पूर्णाहूति के साथ हवन व भंडारे का आयोजन किया जाएगा।













