Breaking News: हरियाणा में महिलाओं को रोजगार और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला चालक प्लेटफॉर्म शुरू करने की पहल की गई है। इस योजना के तहत महिलाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण देकर उन्हें कैब या ई-वाहन चालक के रूप में काम करने का अवसर दिया जाएगा। इससे न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा बल्कि यात्रियों, खासकर महिलाओं को सुरक्षित यात्रा का विकल्प भी मिलेगा।
राज्य सरकार की योजना है कि महिलाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें वाहन खरीदने के लिए वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाए। रिपोर्टों के अनुसार सरकार महिलाओं के लिए विशेष “पिंक कैब” जैसी सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम कर रही है, जिसके तहत महिलाओं को वाहन खरीदने के लिए बिना ब्याज के ऋण की सुविधा देने का प्रस्ताव रखा गया है।
हरियाणा सरकार महिलाओं को मोबिलिटी क्षेत्र में और अधिक अवसर प्रदान को लेकर कार्य कर रही है। इसी के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग, कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला चालक प्लेटफॉर्म शुरू किया गया है। जिसके लिए इच्छुक महिलाएं 13 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकती है।Breaking News
-पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा चयन
जिला कल्याण अधिकारी अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्लेटफ़ॉर्म से जुड़ने के लिए महिला के पास वैलिड टू व्हीलर ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है, जिस पर कोई सस्पेंशन/डिसक्वालिफिकेशन न हो, एक से दो साल का राइडिंग अनुभव, जिला रेवाड़ी का रिहायशी पता, महिला की आयु 18 से 50 वर्ष, मोबाइल एप्लीकेशन व नेविगेशन का इस्तेमाल करना और बेसिक सेफ्टी इंस्ट्रक्शन की काबिलियत हो वह इच्छुक महिला आवेदन कर सकती है। उन्होंने बताया कि एससी/बीसी कटेगरी की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
जानिए क्या है योजना’: बता दे कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी को परिवहन क्षेत्र में बढ़ाना और उन्हें स्वरोजगार के चांस देना है। इससे महिलाएं चालक बनकर शहरों में टैक्सी, ई-ऑटो या अन्य परिवहन सेवाएं चला सकेंगी। इससे महिला यात्रियों को भी सुरक्षित और भरोसेमंद सफर का विकल्प मिलेगा।
13 मार्च 2026 तक करें आवेदन
उन्होंने बताया कि इच्छुक महिलाएं जो निर्धारित मापदंडों को पूर्ण करती हो वह 13 मार्च 2026 तक अपना आवेदन पत्र जिला कल्याण अधिकारी, रेवाड़ी नजदीक अम्बेडकर चौक, रैडक्रॉस भवन, रेवाड़ी में जमा करवा सकती हैं तथा अन्य जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01274-221758 पर संपर्क करें।












