ब्रह्मगढ़ रेवाड़ी में ब्राह्मण सभा ने मनाया पुष्प होली मिलन समारोह
रेवाड़ी: ब्रह्मगढ़ स्थित ब्राह्मण सभा मुख्यालय में होली के पावन पर्व पर ब्राह्मण सभा एवं ब्राह्मण युवा संगठन जिला रेवाड़ी की ओर से जल रहित अबीर-गुलाल और पुष्पों के साथ होली मिलन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा प्रधान चंद्रशेखर गौतम ने की। सभा के प्रेस सचिव रमेश वशिष्ठ ने बताया कि समारोह में समाज के लोगों ने आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
सभा प्रधान चंद्रशेखर गौतम ने उपस्थित लोगों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के लोग मिलजुलकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक एकता को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने समाज और परंपराओं से जोड़ने के लिए यह एक सकारात्मक पहल है, जिसे ब्राह्मण सभा और युवा संगठन वर्षों से निरंतर आयोजित करते आ रहे हैं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भगवान परशुराम महासभा रेवाड़ी के प्रधान रमेश शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने का माध्यम बनते हैं और इन्हें आपसी प्रेम व सौहार्द के साथ आगे भी जारी रखा जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को सही दिशा मिल सके।

सभा के संरक्षक एवं समाजसेवी गोपाल शर्मा ने कहा कि जिस तरह होली के रंग आपसी भेदभाव को मिटाते हैं, उसी तरह समाज के लोगों को भी एक-दूसरे के सुख-दुख में सहयोग करना चाहिए। सर्व ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनुकूल शर्मा ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी विपरीत परिस्थिति में संगठित होकर समाधान निकालना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक ब्रह्मप्रकाश भारद्वाज ने अपने संदेश में कहा कि जीवन में हर परिस्थिति में प्रसन्न रहना चाहिए। पंडित महेश पतसारिया के निर्देशन में जीतू पागल और हरिओम सैनी ने होली रसिया और भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित लोग झूम उठे। समारोह में सभा पदाधिकारियों और समाज के सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पमालाएं पहनाकर तथा रंगीन टोपी और पगड़ी से सम्मान किया।
ये रहे मौजूद’ कार्यक्र्म का मंच संचालन राकेश वत्स ने किया। समारोह में प्रेम कौशिक, ओमप्रकाश शर्मा, दीपक मुदगिल, जयकुमार कौशिक, भूपेंद्र भारद्वाज, जितेंद्र तिवारी, सुरेश धामलावास, दिनेश गुरुजी, सतीश मस्तान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभा प्रधान चंद्रशेखर गौतम ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।












