Haryana News: हरियाणा में आगामी फरवरी माह में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया जाना है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री मंगलवार को गुरुग्राम में आयोजित ‘प्री-बजट मंथन’ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए हरियाणा विज़न 2047 को साकार करने की दिशा में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए। इस प्री-बजट मंथन का उद्देश्य प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत विकास को दीर्घकालिक दृष्टि से मजबूत करना रहा, ताकि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नीतियों का निर्माण किया जा सके।Haryana News
“हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल” का शुभारंभ: कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने AI आधारित “हरियाणा बजट जनभागीदारी पोर्टल” का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के नागरिक हरियाणवी, हिंदी और अंग्रेजी तीनों भाषाओं में अपने बजट संबंधी सुझाव दर्ज कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि बहुभाषी व्यवस्था से समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित होगी और आम लोगों की अपेक्षाएं सीधे बजट निर्माण प्रक्रिया तक पहुंच सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल पारदर्शिता, नागरिक सहभागिता और सहभागी शासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर हरियाणा का होगा निर्माण: मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा का बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी लगातार सेक्टरवार बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, महिला सशक्तिकरण, युवा, सामाजिक संगठनों और अन्य हितधारकों से सुझाव लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक परिवार से आह्वान किया कि वे वित्त वर्ष 2026-27 के बजट निर्माण में सक्रिय भागीदारी करें, ताकि एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर हरियाणा का निर्माण किया जा सके।
प्री-बजट मंथन में उपस्थित लोगों ने रोजगार सृजन, शहरी और ग्रामीण आधारभूत ढांचे, शिक्षा की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों की आय बढ़ाने, महिला सुरक्षा और डिजिटल गवर्नेंस जैसे मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। सरकार ने सभी सुझावों को गंभीरता से शामिल करने का आश्वासन दिया।
ये रहे मौजूद’ इस अवसर पर टीम हरियाणा के मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा और पटौदी की विधायक बिमला चौधरी भी मौजूद रहीं। सभी जनप्रतिनिधियों ने बजट को जनहितैषी और भविष्य उन्मुख बनाने पर जोर दिया। सरकार का कहना है कि प्री-बजट मंथन से प्राप्त सुझावों के आधार पर हरियाणा के विकास को नई गति देने वाला बजट प्रस्तुत किया जाएगा।













