Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे रात का तापमान घटेगा और ठंडक बढ़ेगी।
रविवार को करनाल में दिन का तापमान सबसे ज्यादा 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री रहा। रात के समय फरीदाबाद में 27.8 डिग्री और नारनौल (महेंद्रगढ़) में 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में रात का तापमान और घटेगा और ठंडक बढ़ेगी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, अरब सागर में बने दबाव क्षेत्र के कारण हवाओं का रुख बदल रहा है। इसके असर से हरियाणा में 3 अक्टूबर तक मौसम में बदलाव बना रहेगा और बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों में सोमवार और मंगलवार हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। उसके बाद 1 से 3 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।













