मुंबई: इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) मुंबई, जो एनआईआरएफ 2024 रैंकिंग में छठे स्थान पर है, और व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल (डब्ल्यूडब्ल्यूआई), भारत की अग्रणी फिल्म, कम्युनिकेशन और क्रिएटिव आर्ट्स संस्था, ने मिलकर मीडिया एवं एंटरटेनमेंट सेक्टर में एक ऐतिहासिक पहल की है। दोनों संस्थान आईआईएम का पहला एमबीए इन मीडिया एंड एंटरटेनमेंट कार्यक्रम शुरू कर रहे हैं। IIM Mumbai
यह अभिनव कार्यक्रम बिजनेस नेतृत्व और क्रिएटिव इंडस्ट्री के बीच सेतु का काम करेगा। इसमें डब्ल्यूडब्ल्यूआई की उद्योग-आधारित अनुभवात्मक शिक्षा और आईआईएम मुंबई की शैक्षणिक उत्कृष्टता का अनूठा संगम होगा। पाठ्यक्रम में फिल्म, टीवी और ओटीटी, कॉर्पोरेट वित्त, डेटा साइंस, ब्रांड प्रबंधन, उभरती तकनीकें, बौद्धिक संपदा, एनीमेशन और कॉमिक्स बिजनेस, एमएंडई कानून और नैतिकता जैसे विषय शामिल होंगे। IIM Mumbai
छात्रों को आईआईएम मुंबई और डब्ल्यूडब्ल्यूआई दोनों परिसरों में अनुभवात्मक सत्रों का अवसर मिलेगा, साथ ही वे केस स्टडी, लाइव प्रोजेक्ट्स और उद्योग जगत के शीर्ष नेताओं से मेंटरशिप प्राप्त करेंगे।
व्हिसलिंग वुड्स के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुभाष घई ने इसे उत्कृष्टता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। वहीं, अध्यक्ष मेघना घई पूरी ने कहा कि यह साझेदारी शिक्षा को रचनात्मकता और व्यवसायिक दृष्टिकोण से जोड़कर भविष्य के नेताओं को समग्र कौशल प्रदान करेगी। आईआईएम मुंबई के निदेशक प्रो. मनोज तिवारी ने कहा कि इस पहल से भारत को वैश्विक मीडिया एवं एंटरटेनमेंट क्षेत्र में नेतृत्व स्थापित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम जून 2026 से शुरू होगा: इसमें प्रवेश सीएटी स्कोर और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर होगा। आवेदकों को किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री के साथ न्यूनतम 50% अंक (एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए 45%) आवश्यक होंगे। चयनित छात्रों को प्रतिष्ठित आईआईएम एमबीए डिग्री, एलुमनाई स्टेटस और एक सशक्त पेशेवर नेटवर्क का लाभ मिलेगा।













