Breaking News: जिला रेवाड़ी को हरित ईंधन अवसंरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिलने जा रही है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर धारूहेड़ा में हरियाणा का पहला लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) स्टेशन विकसित किया जा रहा है। कंपनी के प्रबंध निदेशक के.के. चाटीवाल ने खुद इस परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और वृक्षारोपण कर पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का संदेश भी दिया।
यह एलएनजी स्टेशन 4,332 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है, जिस पर लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत आएगी। आईजीएल के सीजीएम अंशुमान कुशवाह ने बताया कि यह अत्याधुनिक स्टेशन प्रतिदिन 112 किलो एलएनजी और 33,000 किलो सीएनजी डिस्पेंसिंग क्षमता से लैस होगा, जिससे करीब 120 भारी वाहनों को रोजाना स्वच्छ ईंधन की आपूर्ति संभव होगी।
इस परियोजना का उद्देश्य रेवाड़ी, धारूहेड़ा और बावल के औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाणिज्यिक वाहनों के लिए पर्यावरण अनुकूल और सस्ती ईंधन सुविधा मुहैया कराना है। चाटीवाल ने बताया कि यह स्टेशन लॉजिस्टिक्स सेक्टर को गति देने के साथ-साथ भारत के नेट ज़ीरो लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस एलएनजी स्टेशन का निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा और इसे जनवरी 2026 में औपचारिक रूप से चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। उल्लेखनीय है कि जिले में गैस की बढ़ती मांग को देखते हुए यह स्टेशन रेवाड़ी में ही स्थापित किया जा रहा है। भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों तक भी गैस की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को रसोई गैस सिलेंडरों की समस्या से राहत मिल सके।













