IGU Rewari: इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के गणित विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सतीश खुराना को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के संयोजक एवं नोडल अधिकारी का कार्यभार सौंपा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय उनकी पूर्व में नीति क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी और शैक्षणिक अनुभव को ध्यान में रखते हुए लिया है।
प्रो. खुराना इससे पहले भी विश्वविद्यालय स्तर पर NEP-2020 से संबंधित विभिन्न समितियों में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. असीम मिगलानी और कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने जो विश्वास व्यक्त किया है, वह उसे पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रो. खुराना ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों को किसी भी प्रकार की शंका या मार्गदर्शन की आवश्यकता होने पर सहायता मिल सके, इसके लिए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है। इस डिजिटल पहल के माध्यम से महाविद्यालय नीति से जुड़े सवालों के तुरंत उत्तर पा सकेंगे।
यह नियुक्ति विश्वविद्यालय के शैक्षणिक ढांचे में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को मजबूत आधार प्रदान करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।













